हाइकु: सघन अनुभूति की सूक्ष्म कविता

सत्रह अक्षरों की यह कविता—‘हाइकु’—मानवीय संवेदनाओं का एक अत्यंत सघन, सौंदर्यपूर्ण और मर्मस्पर्शी रूप है। विश्व साहित्य में यदि किसी लघु काव्य विधा को सार्वभौमिक मान्यता प्राप्त है, तो वह निःसंदेह हाइकु है। यह विधा शब्दों के संक्षिप्त प्रयोग के माध्यम से गहन अनुभूतियों को इस प्रकार व्यक्त करती है कि पाठक उसे अपने भीतर घटित होते हुए अनुभव करता है।

हाइकु का उद्भव जापानी संस्कृति, सौंदर्य-बोध, बौद्ध दर्शन और प्रकृति-प्रेम की संगमस्थली में हुआ। 16वीं शताब्दी में प्रारंभ हुई यह काव्य-शैली कालांतर में एक आत्मानुभव बन गई — जो शब्दों से अधिक मौन में संप्रेषित होती है।

मात्सुओ बाशो: हाइकु का ऋषि कवि

हाइकु विधा को स्वर, सौंदर्य और संवेदना से समृद्ध करने वाले कवि थे मात्सुओ बाशो — एक संतस्वभाव, घुमक्कड़ और प्रकृति-संलग्न जीवन जीने वाले साधक। उनका जन्म एक समुराय परिवार में हुआ था, परंतु जीवन का मार्ग आत्मान्वेषण और काव्यसाधना की ओर मुड़ गया। उनके आश्रम के सामने एक केला वृक्ष था, जिसे जापानी में बाशो कहा जाता है — यही उनके नाम का आधार बना।

बाशो का विश्वास था कि “यदि कोई पाँच सार्थक हाइकु लिख सके, तो वह सच्चा कवि है; और यदि कोई दस लिख सके, तो वह महाकवि कहलाने का अधिकारी है।” उनके लिए हाइकु केवल शिल्प नहीं, एक साधना थी — जहाँ मनुष्य और प्रकृति में कोई भेद नहीं था।

हाइकु का संरचना विधान

हाइकु तीन पंक्तियों में रचित कविता होती है —

  • पहली पंक्ति: 5 वर्ण
  • दूसरी पंक्ति: 7 वर्ण
  • तीसरी पंक्ति: 5 वर्ण

यहाँ वर्ण से अभिप्राय मौखिक उच्चारणात्मक ध्वनि-खंड से है, न कि मात्र वर्णमाला के अक्षरों से। जैसे “सुन्दर” को तीन वर्ण (सु+न्द+र) माना जाएगा। हाइकु में तुकांत की बाध्यता नहीं होती, परन्तु लय, यति और गूढ़ भाव के निर्वाह का विशेष महत्व होता है। हाइकु अलंकार-विहीन होते हुए भी अनुप्रास, बिंब और ध्वनि-संवेदना के माध्यम से पाठक को चमत्कृत करता है।

भारत में हाइकु की यात्रा

भारत में हाइकु का प्रथम संपर्क रविंद्रनाथ ठाकुर के माध्यम से हुआ। 1919 में उन्होंने जापान यात्रा से लौटने पर ‘जापानी यात्री’ में हाइकु का उल्लेख किया और दो प्रसिद्ध हाइकुओं का बंगाली रूपांतरण प्रस्तुत किया:

पुरोनो पुकुर
ब्यांगेर लाफ
जलेर शब्द ।
(पुराने तालाब में मेंढक के कूदने से जल की ध्वनि)

पचा डाल
एकटा को
शरत्काल।
(सूखी डाल पर शरद ऋतु में बैठा कौआ)

बाद में अज्ञेय और प्रो. सत्यभूषण वर्मा ने हिंदी में हाइकु का अनुवाद और प्रचार किया। सत्यभूषण जी के शब्दों में — “हाइकु साधना की कविता है। इसकी संक्षिप्तता इसकी सीमा भी है और इसकी शक्ति भी।”

हाइकु की रचना प्रक्रिया

  1. चिंतन: विषयवस्तु का आत्म-मनन और अनुभूति
  2. शब्द चयन: अर्थगर्भी, भावपूर्ण और सटीक शब्दों का चयन
  3. संरचना: चुने गए शब्दों को 5-7-5 के क्रम में विन्यस्त करना
  4. संतुलन: लय, बिंब, दृश्य और भाव का सामंजस्य

हाइकु के प्रमुख तत्त्व

  1. संरचना: 5-7-5 वर्णों की तीन पंक्तियाँ
  2. सघनता: न्यूनतम शब्दों में अधिकतम अनुभूति
  3. विस्मय-बोध: अंतिम पंक्ति में चौंकाने वाली बौद्धिक या भावनात्मक अनुभूति
  4. प्रकृति-निष्ठा: प्रकृति का माध्यम बनाकर मानवीय भावनाओं की प्रस्तुति

हिंदी हाइकु की वर्तमान स्थिति

आज हिंदी में हाइकु लेखन एक सशक्त और लोकप्रिय विधा के रूप में विकसित हो चुका है। डॉ. रामनारायण पटेल ‘राम’, डॉ. सुधा गुप्ता, डॉ. रमाकांत श्रीवास्तव, डॉ. जगदीश व्योम, डॉ. राजन ‘जयपुरिया’ आदि ने हाइकु को हिंदी साहित्य में प्रतिष्ठा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। “हाइकु दर्पण”, “हाइकु कुंज”, जैसे संकलन और पत्रिकाएँ इस विधा के प्रचार में सहायक रहे हैं।