अच्छी लगी वे औरतें

अच्छी लगी वे औरतें साड़ी में
जो स्मार्ट थीं
नकार दिया उन औरतों को
जो इन कपड़ों में
उठा रही थीं उपले
ढो रही थीं
लकड़ियाँ
एक तुम्हें गँवार लगी
एक तुम्हें संस्कारी महान लगी।
नहीं!
तुम्हें साड़ी वाली औरतें महान नहीं लगतीं
तुम्हें तो वह महान लगती है
जो काम करके मैली न हो जाए
जिसका रंग काला न पड़ जाए
जो बैठी हो
मंचों पर
जो हो आकर्षित
तुम सुविधानुसार कहोगे
“नहीं हैं वे घरेलू औरतें”,
“अरे! तुम घरेलू औरतें नहीं हो उनके बराबर”
तुम्हारा पक्षपात
तुम्हारा दोगलापन
जानती हैं हम औरतें
फिर भी जी रही हैं तुम्हारी दुनिया में
क्योंकि हम यहाँ जीने के लिए अभिशप्त हैं।