वीर शहीदों तुम्हें प्रणाम
शत शत नमन है मेरा, वीर शहीदों तुम्हें प्रणाम,
किया था आतंकवादियों का, तुमनें काम तमाम।
आतंकियों ने देश में, जब जब कोहराम मचाया था,
उनके नापाक इरादों को, तब तुमनें विफल बनाया था,
कुर्बान किया स्वयं को, पर आँच न आने दी भारत पर,
एक एक आतंकी को, तब तुमने मार गिराया था,
बुरी नजर जो रखे इसपर, उसका होगा यही अंजाम।
शत शत नमन है मेरा, वीर शहीदों तुम्हें प्रणाम,
किया था आतंकवादियों का, तुमनें काम तमाम।
देशहित ही परम धर्म है, यह सबको समझा गए,
सूनी करके माँ की गोद, धरती माँ की गोद में समा गए,
नमन है हमारा ऐसे शूरवीरों के मातपिता को,
जिनके सपूत भारत का सिर, गर्व से उठा गए,
ऐसे देशभक्त परिवारों के कारण, ऊँचा है देश का नाम।
शत शत नमन है मेरा, वीर शहीदों तुम्हें प्रणाम,
किया था आतंकवादियों का, तुमनें काम तमाम।