देशभक्ति का पाठ पढ़ाना है
भारत वीरो का देश है, फिर से हमें दिखाना है,
देश के हर इंसा को, माटी का कर्ज़ चुकाना है।
वीर भगत है हर एक बेटा, बेटी झाँसी की रानी,
बचपन से ही उनको, देशभक्ति का पाठ पढ़ाना है।
छोड़ दो रंजिश आपस में, एक दूजे का सम्मान करो,
भेदभाव साम्प्रदायिकता को, जड़ से आज मिटाना है।
लूट रहे अपने ही देश को, अपने दोनों हाथों से,
भारत के इन गद्दारों से, भारत को मुक्त कराना है।
कहलाता था सोने की चिड़िया, अपना यह देश कभी,
लूट चुके हैं बहुत देश को, अब न इसे लुटाना है।
सशक्त शासक जब हो देश का, होगा तभी उत्थान,
बागडोर अपने भारत की, सही हाथों को थमाना है।
भारत की है आन तिरंगा, भारत की है शान तिरंगा,
अपने प्यारे तिरंगे को, सदा गर्व के साथ फहराना है।
