कलम से बू आ रही है

कुछ किसानों ने
गलत तरीक़े से
कलम उगाने की कोशिश की
नतीजतन कलम धूप मे सूख गया
बताया जाता है
कि रोशनी से
आंखे चौंधियां गया
और कलम गहरी खाई में गिरी
हालाँकि की कलम को
कहीं भी उगाये जाने की कोशिश मे
कलम वालों ने
अपने साथी कलम का
सर कलम कर दिया था पूर्व में भी..
अबकी बार फिर
एक बार कलम मौसमी हवाओं के सहारे
उदय होने की कोशिश की
पर कुछ और हवाओं के झोकों ने
कलम को अस्त कर दिया तोड़ दिया
नीले लहू से
सड़क लहूलुहान हो गया
अब क्या होगा उन नर्सरियों में
जहां कलम को
राष्ट्र हित मे उगाया जाता था
सरेआम सुबह सुबह
सारे कलम तोड़ दियें गये
जिन्हें तोड़ा नहीं जा सका
उन्हें उखाड़ फेंका गया
अब कलम
अदालत का चक्कर काट रहा है
कि कलम को सड़ते तक
जेल व अदालतों में चक्कर काटते हुए
इतना बेचैन कर दिया जायेगा
कि कलम में बू आने लगेगी
और
कलम टूटकर लकड़ी बन जायेगी
रोटी सेकने का साधन बन जायेगी।